रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । स्वाइन फ्लू से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिरिया सलेमपुर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार राजपूत ने मरीजों और तीमारदारों को बीमारी के लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिरिया प्रभारी में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार राजपूत ने मरीजों और उनके तीमारदारों को बताया कि स्वाइन फ्लू एक संक्रामक बीमारी है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, बदन दर्द, सांस लेने में परेशानी और आंखों का लाल होना शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के लक्षण दिखाई देने पर इसे सामान्य बुखार या सर्दी-जुकाम समझकर लापरवाही न बरतें और समय से चिकित्सक से परामर्श लें। संक्रमण से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। छींकते या खांसते समय मुंह और नाक को रुमाल या टिश्यू से ढकें। नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोते रहें। बिना हाथ धोए आंख, नाक और मुंह को छूने से बचें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने के साथ ही आवश्यकता होने पर मास्क का प्रयोग करें। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से अपील की कि किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श लें। कहा कि जागरूकता और सावधानी के जरिए संक्रमण के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है। इस मौके पर अशोक, राजेश, मंजरी, आशा आदि रहे।










