रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन नगर की बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए एक बिजलीघर की आवश्यकता है। नगर में बिजलीघर की स्थापना के लिए पूर्व एसडीओ ने प्रयास किए थे। उनके प्रयासों के बाद शासन से स्वीकृति मिल गई है लेकिन बिजलीघर के लिए आवश्यक जगह न मिलने के कारण उसका निर्माण नहीं हो पा रहा है। नगर के लोगों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर बिजलीघर के लिए जगह उपलब्ध करवाने की मांग की है। जिससे गर्मी से पूर्व नगर की बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुदृढ़ हो सके।
नगर की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक और बिजलीघर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस आवश्यकता को पूरा करने के लिए तत्कालीन एसडीओ कौशलेंद्र सिंह ने प्रयास किया था। उनके प्रयासों के चलते नगर में पांच एमवीए के एक बिजलीघर की स्थापना की शासन से अनुमति मिल गई थी। नगर के अशफाक राईन, बृजमोहन कुशवाहा, लोकेन्द्र सिंह, चंद्रकिशोर द्विवेदी, जाकिर सिद्दीकी, नफीस खान, राज मंसूरी आदि ने डीएम राजेश पांडेय को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि बिजलीघर की स्थापना के लिए लगभग 2500 वर्गमीटर की जगह की आवश्यकता है। शासन से अनुमति मिलने के लगभग छह माह बीतने के बाद भी नगर क्षेत्र में जगह नहीं मिल पाई है। जगह न मिल पाने के कारण बिजलीघर की स्थापना नहीं हो पा रही है। उन्होंने नगर की जनता के हित में नगर पालिका या राजस्व विभाग की मदद से बिजलीघर की स्थापना के जगह उपलब्ध करवाने की मांग डीएम से की है।





