मंडी शुल्क बिना दिए जा रहा ट्रक सचल दल टीम ने पकड़ा,इतना लगाया जुर्माना

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंडी परिषद की सचल दल टीम ने चेकिंग के दौरान बिना मंडी शुल्क जमा किए गुड़ का परिवहन कर रहे ट्रक को पकड़ लिया। जांच के दौरान चालक मंडी शुल्क से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर मंडी परिषद ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रक पर कुल 2 लाख 22 हजार 654 रुपये का शमन शुल्क, मंडी शुल्क एवं सेस लगाया गया।
मंडी सचिव अंकित गुप्ता के नेतृत्व में मंडी सहायक योगेश कुमार, राघवेंद्र सिंह गुर्जर, निखिल श्रीवास्तव की टीम बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर उपज का परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। चेकिंग के दौरान मध्य प्रदेश के डबरा की ओर से शाहजहांपुर की तरफ जा रहे एक ट्रक को टीम ने रोककर उसकी जांच की। तलाशी लेने पर ट्रक में गुड़ लदा मिला। टीम ने चालक से गुड़ के परिवहन और मंडी शुल्क जमा किए जाने से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन वह वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मंडी परिषद के नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रक पर दो लाख रुपये शमन शुल्क और 22 हजार 654 रुपये मंडी शुल्क एवं सेस लगाया गया। मंडी परिषद की टीम ने वाहन चालक और व्यापारियों को निर्देश दिए कि कृषि उपज का परिवहन करते समय मंडी शुल्क से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख साथ रखें और नियमानुसार मंडी शुल्क का भुगतान करने के बाद ही उपज का परिवहन करें। मंडी शुल्क से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।