जालौन के महिया प्रतापपुरा के बीच रपटा के ऊपर से बह रहा पानी,,परेशानी से गुजर रहे लोग, अधिकारियों से की ये मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन विकासखंड के ग्राम प्रतापपुरा और माहिया खास के बीच मलंगा नाले पर बना रपटा इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। नाले में पानी बढ़ने से रपटा के ऊपर एक मीटर से अधिक पानी बह रहा है। इसके चलते आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। आसपास के भदवा, जीपुरा, सहाव और सींगपुरा गांवों के लोग भी इस रास्ते से माहिया होते हुए तहसील मुख्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं।
जालौन से ग्राम प्रतापपुरा व महिया के बीच मलंगा नाले से होकर निकलने के लिए रपटा पुल बना हुआ है। लगातार बारिश के चलते मलंगा का जलस्तर बढ़ गया है। पुल के लगभग एक मीटर ऊपर तक पानी आ गया है। जिससे रपटा से होकर आवागमन बंद हो गया। ग्रामीणों को अब तहसील मुख्यालय पहुंचने के लिए चार से पांच किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। वहीं, माहिया खास के ग्रामीणों की समस्या और गंभीर है। गांव का यह प्रमुख संपर्क मार्ग बंद होने से बाजार, अस्पताल और जरूरी कामों के लिए ग्रामीणों को करीब सात-आठ किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ रहा है। कमलेश, अशोक, महेंद्र सिंह, राजकुमार आदि का कहना है कि मलंगा नाले पर बना यह रपटा हर वर्ष बारिश के दौरान जलस्तर बढ़ने से डूब जाता है। इसके कारण माहिया खास समेत आसपास के गांवों का संपर्क प्रभावित होता है। ग्रामीण लंबे समय से रपटा को ऊंचा कराने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो सका है। यदि बारिश के दौरान गांव में किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ जाए या कोई अन्य आपात स्थिति उत्पन्न हो जाए तो समय पर अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो सकता है। ग्रामीणों ने डीएम समेत जनप्रतिनिधियों से प्रतापपुरा-माहिया खास के बीच मलंगा नाले पर बने रपटा के स्थान पर ऊंचा पुल बनवाने की मांग की है।