पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में रबी की बुवाई की तैयारियों के बीच नगर के सरकारी खाद केंद्रों पर डीएपी का स्टॉक न होने से किसान परेशान हैं। खाद लेने के लिए किसान रोजाना केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। नगर के दोनों सरकारी केंद्रों पर खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों के सामने खेती की तैयारियों को समय से पूरा करने की चिंता सता रही है।
नगर में किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए बापू साहब स्थित क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड और मंडी परिसर स्थित पीसीएफ केंद्र संचालित हैं। इन दोनों केंद्रों से क्षेत्र के किसान खाद लेते हैं, लेकिन फिलहाल यहां खाद का स्टॉक नहीं है। किसान खाद मिलने की उम्मीद में केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। वहां उपलब्धता न होने की जानकारी मिलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। इससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। किसान सुनील कुमार, कौशल किशोर श्रीवास्तव का कहना है कि रबी की फसलों की तैयारी के दौरान खाद की जरूरत रहती है। ऐसे में सरकारी केंद्रों पर खाद नहीं मिलने से खेतों की तैयारी और बुवाई से जुड़े काम प्रभावित होने की आशंका है। क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड के अध्यक्ष राजा सिंह सेंगर ने बताया कि खाद की डिमांड भेजी गई थी, जल्द ही खाद आने की उम्मीद है। खाद उपलब्ध होते ही उसका वितरण शुरू करा दिया जाएगा।




