जालौन के इस मुहल्ले में गंदगी से परेशान हुए लोग,,पनप रहे मच्छर, एसडीएम से लगाई गुहार

पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन के मोहल्ला घुआताल में पुलिया के पास गंदगी और जलभराव से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क पर कूड़ा-कचरा और गोबर जमा होने से दुर्गंध फैल रही है। वहीं, पानी भरा होने के कारण मच्छर पनप रहे हैं, जिससे बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। समस्या से परेशान मोहल्लेवासियों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर सफाई कराने और कूड़ा डालने वालों पर रोक लगाने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला घुआताल निवासी उमेश, रमेशचंद्र, कल्लू खां, मनोज कुमार, प्रकाश वर्मा, सोहित रजक, राज वर्मा, नितिन कुमार, अंकित, शिवशंकर आदि ने बताया कि मोहल्ले में स्थित पुलिया और उसके आसपास मोहल्ले के लोग प्रतिदिन घरों का कूड़ा-कचरा और गाय-भैंस का गोबर यहां डाल जाते हैं। इससे पुलिया के आसपास और सड़क पर गंदगी जमा हो गई है। दूसरी ओर, सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी भर जाता है। कूड़े, गोबर और जलभराव के चलते यहां दुर्गंध बनी रहती है। गंदगी और रुके हुए पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है। मोहल्लेवासियों ने एसडीएम से मांग की है कि पुलिया और सड़क के आसपास जमा गंदगी को जल्द साफ कराया जाए और मोहल्ले के लोगों को सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा और गोबर आदि फेंकने से मना किया जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके।