रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन नगर के बाजार बैठगंज का नाम बदलने और नगर की शासिका ताई बाई को सम्मान देते हुए उनके नाम पर रोडवेज बस स्टैंड का नामकरण किए जाने की मांग करते हुए भाजपा के नामित सभासद ने नगर पालिका चेयरपर्सन को पत्र दिया है।
भाजपा से नामित सभासद वाचस्पति मिश्रा ने नगर पालिका चेयर पर्सन नेहा पुनीत मित्तल को पत्र सौंपकर बताया कि अंग्रेज प्रशासक पीजे व्हाइट ने सन् 1881 में महाराजा गोविन्द बल्लाल खेर द्वारा निर्मित सात मंजिला
किला ध्वस्त करके स्वयं के नाम से व्हाइट गंज बाजार का निर्माण करवाया, जो कि आम बोल-चाल में बैठगंज हो गया है। गुलामी के इस प्रतीक को हटाकर बैठगंज नाम से बाजार और मुहल्ले का नाम बदलकर महारानी ताई बाई के नाम पर रखा जाए। चुंगी नंबर चार से दाऊजी गार्डन के पीछे स्थित फांसिया कुआं जहां पर 1857-58 की क्रांति में स्वतंत्रता सेनानियों को अंग्रेजों द्वारा फांसी दी गयी थी, उसे संरक्षित कर इस स्थान पर शहीद स्मारक बनाया जाए। साथ ही देवगनर चौराहे से लेकर बाजार होते हुए सहावनाका चुंगी तक के मार्ग को शहीद पथ घोषित किया जाए।
महारानी ताई बाई के जीर्ण-शीर्ण महल को संरक्षित कर उसका जीर्णाेद्धार कराया जाए और महारानी ताईबाई की प्रतिमा स्थापित की जाए। ताकि नगर की जनता की स्मृति से महारानी का शौर्य और क्रांति स्थल विलुप्त न होने पाए। ताई बाई महल में एक पुस्तकालय का निर्माण कर 1857-58 की क्रांति से संबंधित समस्त साहित्य हिंदी, अंग्रेजी और मराठी भाषा में पढ़ने के लिए उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही नगर में नवनिर्मित रोडवेज बस स्टैंड का नाम महान क्रांतिकारी ताई बाई की स्मृति में ‘महारानी ताई बाई बस स्टैंड’ रखा जाए। इस मौके पर कैलाश पाटकर मौजूद रहे।










