रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र के ग्राम पंचायत सालाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों के चयन का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने चयन सूची की जांच कराने और पात्रों को योजना का लाभ दिलाने की मांग एसडीएम से की है। ग्रामीणों ने एसडीएम को इस संबंध में शिकायती पत्र भी सौंपा है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम सालाबाद निवासी अखिलेश कुमार, नरेंद्र कुमार, संजय कुमार अलेखक आदि ने एसडीएम राकेश सोनी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाना है। इसके लिए 47 व्यक्तियों का चयन किया गया है। आरोप लगाया कि सूची का चयन प्रधान व सचिव ने अपने अपने स्तर से किया है। इसमें जो वास्तविक पात्र व्यक्ति हैं, जिनके पास रहने के लिए घर नहीं हैं और जिनके कच्चे घर हैं, उनका सूची में चयन नहीं किया गया है। बल्कि अपने चहेतों को लाभ दिलाने के लिए उनका चयन कर लिया गया है। जबकि उनके पास पहले से ही पक्के आवास हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि इस सूची की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जो अपात्र व्यक्ति हैं, उनके नाम सूची से हटाए जाएं और जो पात्र व्यक्ति हैं, उनके नाम सूची में जोड़े जाएं।










