रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन में बेटे के इलाज के नाम पर रुपये देने के बाद मकान का मुहायदा कराने और बाद में भाई के नाम मकान लिखवाकर उसके रुपये न देने एवं रुपये मांगने पर पीड़ित को गाली, गलौज कर भगा देने से आहत पीड़ित ने पांच दिन पूर्व फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सहावनाका निवासी प्रदीप कुमार ने अपने सात माह के बीमार बेटे धीरज के इलाज के लिए मोहल्ला घुआताल निवासी राजबहादुर यादव से दो लाख रुपये उधार लिए थे। इसके एवज में मकान का मुहायदा किए जाने की बात सामने आई थी। मृतक की पत्नी शीला देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि उधार ली गई रकम में से करीब डेढ़ लाख रुपये वापस करने के बावजूद मकान वापस नहीं किया गया। आरोप है कि बाद में राजबहादुर यादव ने मकान छह लाख रुपये में लेने की बात कही और राजबहादुर के भाई तथा दस्तावेज लेखक माताप्रसाद के साथ मिलकर मकान राजबहादुर के भाई के नाम करा लिया गया। इसके बदले चेक से भुगतान किए जाने की बात कही गई, लेकिन बाद में चेक वापस लेकर दो दिन में नकद रुपये देने का आश्वासन दिया गया। आरोप है कि रुपये नहीं दिए गए। 14 अगस्त को प्रदीप द्वारा रुपये मांगने पर उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने और वहां से भगा देने का आरोप भी लगाया गया। इसके बाद प्रदीप मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। 15 अगस्त की रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। फांसी लगाने से पूर्व उसने एक वीडियो भी बनाया था। जिसमें आरोपियों पर धोखाधड़ी करने और रुपये न देने के आरोप लगाए थे। घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर राजबहादुर यादव, उसके भाई और दस्तावेज लेखक माताप्रसाद समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी। बाद में मृतक के परिजनों की रिलायंस पेट्रोल पंप के पास शव का सड़क पर रखकर जाम भी लगाया था। जिसमें पुलिस ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। मामले में पुलिस ने बुधवार रात मुख्य आरोपी राजबहादुर याादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले को लेकर सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की भी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द भी उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।










