जालौन कोतवाली परिसर में हुई पीस कमेटी की बैठक,,अधिकारियों ने की सभी से ये अपील

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में रक्षाबंधन और जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की। बैठक में दोनों समुदायों के लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।
पीस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम राकेश सोनी ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के किसी सूचना को आगे प्रसारित न करें। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपसी सहयोग से त्योहार मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें। जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने के साथ ही व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। सीओ अजय कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। जुलूस के मार्ग पर भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर आने वाली भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा। बैठक में त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और यातायात व्यवस्था दुरूस्त रखने की मांग की गई। इस मौके पर कोतवाल हरिशंकर चंद, अतिरिक्त निरीक्षक लालबाबू मिश्रा, शहर काजी मौलाना साबिर, हाफिज शाकिर, आमिर अत्तारी, अफरोज शाह, अन्नू शर्मा, जाकिर सिद्दीकी, इकबाल मंसूरी, नफीस मेंबर, आरिफ खान, हाजी मकबूल अहमद मंसूरी, हाजी जान मोहम्मद, छिद्दी राईन आदि रहे।