UP News Today । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। सीएम योगी की माँ के निधन की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री के शुभचिंतकों और समर्थकों में शोक की लहर है।
उल्लेखनीय है कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का परिवार उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहता है। उनके परिवार में कुल सात भाई-बहन हैं। चार भाइयों और तीन बहनों में मुख्यमंत्री योगी दूसरे नंबर के हैं।
जिस समय सावित्री देवी का निधन हुआ, उस वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान वे युवाओं को टैबलेट वितरित कर रहे थे।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम चलने के दौरान मुख्यमंत्री को अपनी मां के निधन की सूचना नहीं थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।” धामी ने आगे कहा कि वे बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।
बता दें आपको सीएम योगी के पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे। उनका निधन 20 अप्रैल 2020 को हुआ था।




